यू.टी. चंडीगढ़ के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) ने आज मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति की जानकारी दी।
बैठक के दौरान प्रतिनिधियों को दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण, दस्तावेजों के सत्यापन की प्रगति तथा मतदाता सूची के पारदर्शी, शुद्ध एवं समावेशी पुनरीक्षण के लिए की जा रही विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया गया। उन्हें यह भी बताया गया कि 8 एवं 9 अगस्त 2026 को यू.टी. चंडीगढ़ के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाताओं को नाम शामिल कराने, संशोधन, स्थानांतरण, नाम विलोपन तथा अन्य निर्वाचन संबंधी सेवाओं के लिए आवेदन करने में सहायता प्रदान करेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में, विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त दावों एवं आपत्तियों से संबंधित फॉर्म-9, फॉर्म-10, फॉर्म-11 तथा फॉर्म-11ए की सूचियां पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं। प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि वे इस जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा सभी पात्र मतदाताओं को विशेष शिविरों में पहुंचकर उपलब्ध निर्वाचन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें।
इससे पूर्व दिन में, श्री अमनदीप सिंह भट्टी, पीसीएस, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), यू.टी. चंडीगढ़ ने दस्तावेज सत्यापन केंद्र का दौरा कर मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत सहायक दस्तावेजों के सत्यापन की प्रगति एवं अपनाई जा रही कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
दौरे के दौरान ईआरओ ने दस्तावेज सत्यापन की प्रगति का जायजा लिया, सत्यापन टीमों के साथ संवाद कर कार्यप्रवाह का आकलन किया, सत्यापन प्रक्रिया में आ रही चुनौतियों पर चर्चा की तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध, सटीक एवं पारदर्शी सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
ईआरओ ने सत्यापन प्रक्रिया में दक्षता, एकरूपता एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि सभी पात्र मतदाताओं को सुगमता से सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।



