हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की फसल की सुचारू खरीद सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह गंभीर है। सरकार के मंत्री एवं विधायक लगातार मंडियों का दौरा कर खरीद व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को फसल बिक्री के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
श्री नागर आज चंडीगढ़ में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा आयोजित ‘विश्व मानक दिवस-2026’ समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही सभी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों (डीएफएससी) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर विभिन्न जिलों की मंडियों में पहुंच रही फसल और खरीद व्यवस्था की समीक्षा की गई थी। अब तक उन्हें खरीद प्रक्रिया से संबंधित किसी शिकायत की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर निचले इलाकों में पानी भरने के कारण नमी की समस्या सामने आई थी, जिसे सुखाकर दूर कर लिया गया है। मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए भी आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
किसानों की शिकायतों से जुड़े सवाल पर राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर मंडियों में फसल खरीद की स्थिति की समीक्षा की थी। बैठक में सभी मंडियों की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई और अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्री नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं किसान परिवार से संबंध रखते हैं और किसानों की समस्याओं तथा उनकी जरूरतों को भली-भांति समझते हैं। इसी के मद्देनजर सभी जिलों के उपायुक्तों और डीएफएससी को निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अतिरिक्त, प्रदेश की सभी मंडियों में आईएएस रैंक के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, ताकि खरीद प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी की जा सके।
उन्होंने बताया कि किसानों और किसान यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ उनका निरंतर संवाद बना रहता है। हाल ही में उनके चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में भी किसानों ने उनसे मुलाकात की थी। इसके अलावा, किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी से भी फोन पर बातचीत हुई है। श्री नागर ने कहा कि उन्हें अब तक किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है और वे स्वयं भी मंडियों का दौरा कर खरीद व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और फसल खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


