श्री निशांत कुमार यादव, आईएएस, उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, यू.टी. चंडीगढ़ शाखा ने आज नेपाल में हाल ही में आई अचानक बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री से भरे दो ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नेपाल रेड क्रॉस सोसाइटी को भेजी जा रही इस राहत सामग्री में आवश्यक दवाइयां, पैकेटबंद खाद्य सामग्री, पेयजल और सैनिटरी पैड शामिल हैं।
इस अवसर पर श्री अमनदीप सिंह भट्टी, पीसीएस, अतिरिक्त उपायुक्त-सह-सचिव, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, यू.टी. चंडीगढ़ शाखा तथा सुश्री पूनम मलिक, नोडल अधिकारी, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, यू.टी. चंडीगढ़ शाखा भी उपस्थित थीं।
उपायुक्त-सह-अध्यक्ष ने नेपाल के लोगों के प्रति गहरी संवेदना एवं एकजुटता व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, यू.टी. चंडीगढ़ शाखा बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान मानवीय सहायता उपलब्ध करवाना दानदाताओं के उदार सहयोग से ही संभव हो पाता है।
इस नेक कार्य में रेड क्रॉस का सहयोग करने के लिए आगे आए मैसर्स एविएट इंटीग्रेटेड प्राइवेट लिमिटेड, मैसर्स गुरु नानक गीता कैलाश मेमोरियल फाउंडेशन, फोटोग्राफर्स हेल्पिंग हैंड्स तथा श्रीमती कशिश महाजन को उनकी निस्वार्थ मानवीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया।
अधिकारियों ने विभिन्न समाजसेवियों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत सामग्री जुटाने के लिए नोडल अधिकारी सुश्री पूनम मलिक के प्रयासों की भी सराहना की।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, यू.टी. चंडीगढ़ शाखा ने नागरिकों एवं संस्थाओं से उसकी मानवीय पहलों में निरंतर और उदारतापूर्वक योगदान देने की अपील की।


