आगामी दिवाली पर्व के मद्देनजर उपायुक्त कार्यालय, चंडीगढ़ द्वारा केवल सीएसआईआर-नीरी प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री हेतु अस्थायी लाइसेंस जारी करने के लिए आज ड्रॉ निकाला गया। ड्रॉ का आयोजन शाम 4:00 बजे बाल भवन, सेक्टर-23, चंडीगढ़ में किया गया।
शहर भर में 13 चिह्नित स्थलों पर कुल 96 स्टॉल निर्धारित किए गए हैं। इनमें दशहरा ग्राउंड, सेक्टर-43 में 15 स्टॉल; सेक्टर-46 की पुरानी रेहड़ी मार्केट के साथ लगते खुले मैदान में 11; सेक्टर-33-सी के खुले स्थान में पांच; सेक्टर-37-सी में मंदिर के निकट पांच; गुजरात भवन, सेक्टर-24 के सामने छह; सब्जी मंडी ग्राउंड, सेक्टर-29 में पांच; नानकसर गुरुद्वारा साहिब, सेक्टर-28 के पीछे खुले मैदान में पांच; आरबीआई कॉलोनी के निकट दशहरा ग्राउंड, सेक्टर-30 में पांच; सब्जी मंडी ग्राउंड, रामदरबार में 10; फायर स्टेशन कार्यालय के निकट खुले मैदान, मनीमाजरा में 12; रयान इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सेक्टर-49 के निकट खुले सब्जी मंडी मैदान में सात; कम्युनिटी सेंटर के निकट रामलीला ग्राउंड, सेक्टर-40 में पांच तथा धनास के खुले मैदान में पांच स्टॉल शामिल हैं।
इन स्टॉलों के आवंटन के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से कुल 4,100 आवेदन प्राप्त हुए थे।
आवंटित स्थलों पर केवल सीएसआईआर-नीरी प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति होगी। यह व्यवस्था त्योहारी मौसम के दौरान वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से निर्धारित पर्यावरणीय मानदंडों के अनुरूप की गई है।
चंडीगढ़ प्रशासन ने शहरवासियों और व्यापारियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल दिवाली सुनिश्चित करने के लिए केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखों की खरीद-बिक्री करने की अपील की है।


