
स्वास्थ्य विभाग, चंडीगढ़ ने डॉन बॉस्को सोसायटी, फाइव रिवर्स हार्ट एसोसिएशन, वी आर वन इनिशिएटिव तथा जॉन स्नो इंडिया के सहयोग से यूटी चंडीगढ़ के गांव फैदां में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण विषय पर एक मेगा जागरूकता शिविर आयोजित किया।
शिविर में किशोरियों एवं महिलाओं सहित 200 से अधिक स्थानीय निवासियों ने भाग लिया। चिकित्सा विशेषज्ञों, स्वास्थ्य कर्मियों और स्वयंसेवकों ने महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में एचपीवी टीके के महत्व पर संवादात्मक सत्र आयोजित किए।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर एचपीवी, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम तथा किशोरावस्था से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने किशोरियों एवं महिलाओं द्वारा पूछे गए अनेक प्रश्नों और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
इस अवसर पर प्रतिभागियों के लाभार्थ हीमोग्लोबिन जांच भी की गई। साथ ही, किशोरियों, महिलाओं एवं अन्य प्रतिभागियों को उपहार स्वरूप गिफ्ट हैम्पर भी वितरित किए गए।
इस जागरूकता शिविर को स्थानीय समुदाय से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली तथा गांव फैदां के निवासियों ने इसके सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया। आयोजकों ने लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए बेहतर सामुदायिक स्वास्थ्य के लिए जागरूकता और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर बल दिया।


