माई भारत चंडीगढ़ (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा स्टेट एनएसएस सेल, चंडीगढ़ प्रशासन तथा एनएसएस इकाई, पंजाब विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आज पंजाब विश्वविद्यालय के गांधी भवन में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” थीम पर “वॉक फॉर नशा मुक्त युवा” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 100 सप्ताह नशा मुक्त युवा अभियान का हिस्सा था। इसमें 350 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 5:30 बजे माई भारत वॉलंटियर एवं योग प्रशिक्षक सुश्री सारिका द्वारा करवाए गए वार्म-अप, ज़ुम्बा और रिदमिक योग सत्र से हुआ, जिसने प्रतिभागियों में नई ऊर्जा का संचार किया।
इसके बाद हुए औपचारिक कार्यक्रम में श्री शिवधन शर्मा, यूटी डायरेक्टर, माई भारत ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सेक्टर 20 के माई भारत-एनएसएस स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें नशे के दुष्प्रभावों और नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को दर्शाया गया।
श्री विनय कुमार, जिला युवा अधिकारी, माई भारत चंडीगढ़ ने शपथ चक्र में सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्त युवा शपथ दिलाई, जिसमें सभी ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) मीनाक्षी गोयल, माननीय कुलपति, पंजाब विश्वविद्यालय ने “वॉक फॉर नशा मुक्त युवा” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डॉ. नेमी चंद गोलिया, राज्य एनएसएस अधिकारी, चंडीगढ़ प्रशासन ने सम्मानित अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। डॉ. अनुपम बहरी, एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक, पंजाब विश्वविद्यालय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
वॉक के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए सिग्नेचर वॉल पर हस्ताक्षर किए। इसके पश्चात प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
यह आयोजन नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और स्वस्थ, नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी एजेंसियों के सामूहिक संकल्प को दर्शाता है।


