केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने रविवार को नूंह के गांव कुरथला में शहीद समय सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने गांव के विद्यालय का नाम शहीद समय सिंह के नाम पर रखने, शहीद छतरपाल सिंह के नाम पर गांव में प्रवेश द्वार का निर्माण कराने तथा कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने शहीद विक्रम सिंह के नाम पर भी विद्यालय का नामकरण करने की बात कही।
गांव कुरथला में आयोजित शहीद समय सिंह की स्मृति में प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गांव कुरथला देश सेवा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इस छोटे से गांव ने अब तक सात वीर सपूतों को खोया है, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। राष्ट्र इन वीर शहीदों के बलिदान को सदैव याद रखेगा। इस अवसर पर उन्होंने शहीद समय सिंह के पिता दलबीर सिंह व माता बिरेश देवी और बहनों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही शहीद किरण सिंह शेखावत के ससुर एवं पूर्व सरपंच श्रीचंद को भी शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों की शहादत पर प्रत्येक देशवासी को गर्व है। शहीदों की कुर्बानियों के कारण ही हम आज स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं और लोकतंत्र में अपने विचार व्यक्त कर पा रहे हैं। छोटे से गांव कुरथला के सात जवानों का शहीद होना अपने आप में बड़ी बात है। यह गांव की देशभक्ति, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को दर्शाता है। शहीदों के परिवारों ने अपार दुख सहन किया है, लेकिन उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
शहीदों के नाम पर होंगे विद्यालय और गांव का प्रवेश द्वार
राव इंद्रजीत सिंह ने घोषणा की कि गांव में शहीद समय सिंह के नाम पर विद्यालय का नामकरण किया जाएगा। इसके साथ ही शहीद विक्रम सिंह के नाम पर भी विद्यालय का नाम रखा जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां इन वीर सपूतों के बलिदान को हमेशा याद रखें। शहीद छतरपाल सिंह के परिजनों की मांग के अनुरूप गांव में बनने वाले प्रवेश द्वार पर उनका नाम अंकित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के नाम पर होने वाले ये कार्य उनके बलिदान को चिरस्थायी बनाएंगे। गांव की युवा पीढ़ी को इन वीर जवानों के जीवन से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा करनी चाहिए।
अग्निवीरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
केंद्रीय मंत्री ने अग्निवीरों के भविष्य और रोजगार के अवसरों पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सेना में सेवा देने के बाद वापस आने वाले अग्निवीरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों में भर्ती के दौरान अग्निवीरों को अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।
केंद्रीय मंत्री ने गांव के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास और ग्रामीणों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। देश उनके त्याग और समर्पण का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि गांव कुरथला सहित हरियाणा के अन्य गांवों से भी ऐसे वीर सपूत निकलते रहेंगे, जो राष्ट्र की रक्षा और सेवा में अपना योगदान देंगे।


