मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक शक्ति को और मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम बढ़ाया। 4729 शक्ति केंद्रों पर प्रदेश भर में एक साथ टिफिन बैठकें हुई। मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता, संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, तमाम मंत्री सहित प्रदेश के बड़े नेताओं ने शक्ति केंद्रों पर पहुंचकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ भोजन करते-करते संगठनात्मक और सामाजिक विषयों पर चर्चा की। बड़े नेताओं के साथ भोजन ने आज पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया। इस कवायद से पार्टी के नेताओं में भी संगठनात्मक शक्ति का विस्तार और तेजी से होने की उम्मीद और विश्वास बढ़ गया, वहीं बूथ पर रहकर पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकताओं ने भी बताए गए सभी कार्यों को पार्टी की रीति नीति के अनुसार समय पर कर लेने का आश्वासन अपने नेताओं को दिया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने अपने घर से लाए हुए टिफिन में से भोजन निकाल कर सामने बैठे कार्यकताओं की प्लेट में रखा, तो कार्यकताओं ने भी अपने घर का भोजन अपने मुख्यमंत्री, अपनी प्रदेश अध्यक्ष और बैठक लेने पहुंचे नेताओं को खिलाया। ये एक ऐसा माहौल था, जब छोटे-बड़े नेता का भेद मिट गया। बस सब कार्यकर्ता के रूप में बैठक में उपस्थित रहे और आगे संगठन मजबूती की संरचना बनाई। प्रदेश भर में 12 बजे से तीन बजे तक ये बैठकें चली।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पिंजौर में शक्ति केंद्र की बैठक में जहां कार्यकर्ताओं के माध्यम से पात्र लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया, वहीं प्रदेश अध्यक्ष डाक्टर अर्चना गुप्ता ने सोनीपत जिले के राई में टिफिन बैठक में बूथ स्तर पर 11 लोगों की बूथ समितियां बनाकर संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने की बात कही। संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा ने गन्नौर के शक्ति केंद्र की बैठक में केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से आए तमाम विषयों को रखा।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने तथा कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीय संवाद और समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 4,729 शक्ति केंद्रों पर हुई इन टिफिन बैठकों के आयोजन से भाजपा ने एक तरह से अपने अब तक किए गए काम की समीक्षा की है। प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने दायित्व वाले कार्यकर्ताओं से कहा है कि धरातल पर स्थिति का सही आंकलन करें ताकि जहां कमी हैं, वहां और बेहतर काम किया जा सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पिंजौर मंडल के शक्ति केंद्र मानकपुर के बूथ संख्या 83 में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना-2 के अनुसूचित जाति के दो लाभार्थियों, श्रीमती सरोज और श्रीमती जयंती के घर जाकर उनसे मुलाकात की तथा उनके साथ भोजन भी किया, वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता अपने घर से टिफिन लेकर सोनीपत के मुरथल शक्ति केंद्र पर पहुंची और यहां उन्होंने बूथ नंबर 34, 35, 36 और 37 के कार्यकर्ताओं के साथ सह भोज किया। संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भी गन्नौर शक्ति केंद्र पर, कैबिनेट मंत्री डा. कृष्ण बेदी ने पंचकूला सेक्टर 9, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने महेशपुर, कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने सेक्टर 21 एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने कुण्डी शक्ति केंद्र पर कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया और उनका मार्गदर्शन किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि पार्टी के साथी कार्यकर्ता के आवास पर हुआ यह संगठनात्मक कार्यक्रम हमारी कार्यपद्धति के अपनेपन का एक सशक्त उदाहरण है। श्री सैनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण और जनहित के प्रति उनका भाव ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए गर्व की बात है कि हम सभी भाजपा कार्यकर्ता हैं एवं प्रत्येक परिस्थिति में राष्ट्र एवं समाज के उत्थान की दिशा में चिंतनशील रहते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रत्येक कार्यकर्ता का सबसे बड़ा दायित्व है।
Breaking News
- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मिर्जापुर माजरा व भूखड़ी पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों को दी सांत्वना
- आईटीआई छात्रों को हुनरमंद बनाकर आधुनिक उद्योगों से जोड़ना है सरकार का मुख्य लक्ष्य- राज्य मंत्री गौरव गौतम
- मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने की विशेष गहन पुनरीक्षण पर समीक्षा बैठक
- हरियाणा के राज्यपाल ने स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर की समीक्षा की, सभी विश्वविद्यालयों में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने के दिए निर्देश
- प्रदेश में 1 करोड़ 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य किया गया निर्धारित-मुख्यमंत्री
- युवाओं में शोध, कौशल और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
- पर्यावरण बचाओ संदेश जन जन तक पंहुचाने के लिए वन चेतना यात्रा -2026 की चार एलईडी वैन को झंडी दिखाकर किया रवाना
- मुख्यमंत्री ने पिंजौर मंडल के शक्ति केंद्र मानकपुर, प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने मुरथल शक्ति केंद्र और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने गन्नौर शक्ति केंद्र पर कार्यकर्ताओं के साथ साझा किया टिफिन


