मोहाली के मटौर थाना पुलिस ने पंजाबी गायक दिलप्रीत सिंह ढिल्लों के खिलाफ मारपीट, जबरन बंधक बनाने आपराधिक धमकी देने और हथियार दिखाकर डराने के आरोप में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई मेलोडी हाउस म्यूजिक कंपनी के संचालक रेअमंत मरवाहा की शिकायत पर की गई।
शिकायत के अनुसार, विवाद टी-सीरीज के साथ गानों की डील न हो पाने को लेकर शुरू हुआ। रेअमंत मरवाहा ने पुलिस को बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से मेलोडी हाउस नाम से म्यूजिक कंपनी चला रहे हैं। करीब पांच-छह महीने पहले दिलप्रीत ढिल्लों ने उनसे टी-सीरीज के साथ गानों की रिकॉर्डिंग की डील कराने के लिए संपर्क किया था, लेकिन बातचीत के बावजूद समझौता नहीं हो सका।
आरोप है कि 22 जुलाई की रात सेक्टर-70 स्थित एक फ्लैट में इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, दिलप्रीत ढिल्लों ने उनसे किसी भी कीमत पर टी-सीरीज या किसी अन्य कंपनी के साथ डील करवाने का दबाव बनाया और कहा कि उन्हें अपनी पत्नी के लिए 1-2 करोड़ रुपये की कार खरीदनी है।
रेअमंत मरवाहा का आरोप है कि जब उन्होंने असमर्थता जताई तो दिलप्रीत ढिल्लों ने उनके साथ मारपीट की, कॉलर पकड़कर दूसरे कमरे में ले गए, जमीन पर पटककर लात-घूंसों से हमला किया और बाद में पिस्टल दिखाकर उन्हें तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


