श्री गुलाब चंद कटारिया, माननीय प्रशासक, यू.टी. चंडीगढ़ के निर्देशों के अनुपालन में, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) की आवासीय इकाइयों में आवश्यकता आधारित परिवर्तनों की जांच एवं सिफारिश हेतु 11.05.2026 को श्री डी. कार्तिकेयन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया था। इसी क्रम में, श्री डी. कार्तिकेयन ने श्री राजीव मेहता, मुख्य वास्तुकार, यू.टी. चंडीगढ़, श्रीमती मंदीप मेहंदीरेट्टा, वरिष्ठ नगर योजनाकार, शहरी नियोजन विभाग तथा श्रीमती नलिनी शर्मा, वास्तुकार, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के साथ आज शहर के विभिन्न सेक्टरों, जिनमें सेक्टर 40-सी, सेक्टर 43-ए, सेक्टर 43-बी तथा सेक्टर 38 (वेस्ट) शामिल हैं, का दौरा किया तथा स्वतंत्र आवासीय इकाइयों में आवंटियों द्वारा किए गए परिवर्तनों का निरीक्षण किया।
समिति को आवंटियों द्वारा किए गए संशोधनों का आकलन करने, अनुमेय परिवर्तनों की पहचान करने तथा ऐसे परिवर्तनों की सिफारिश करने का दायित्व सौंपा गया है, जिन्हें संरचनात्मक स्थिरता, अग्नि सुरक्षा, प्रकाश, वेंटिलेशन तथा अन्य आवश्यक नियोजन मानकों से समझौता किए बिना अनुमति दी जा सके।
इसके उपरांत सेक्टर 40-सी, 40-डी, 41-ए, 43-ए, 43-बी, 47-डी तथा सेक्टर 13 की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने सीएचबी के स्वतंत्र मकानों में आवश्यकता आधारित परिवर्तनों संबंधी अपने सुझाव एवं अभ्यावेदन प्रस्तुत किए। इसके अतिरिक्त संबंधित सेक्टरों में चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने सीएचबी आवासीय इकाइयों में आवश्यकता आधारित परिवर्तनों की समीक्षा हेतु समिति के गठन के लिए चंडीगढ़ प्रशासन की पहल की सराहना की।
बैठक में श्री सौरभ कुमार अरोड़ा, पीसीएस, सचिव, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड; श्री हितेश पुरी, चेयरमैन, क्रॉफेड; श्री रजत मल्होत्रा, महासचिव, क्रॉफेड; कर्नल गुरसेवक सिंह, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए-एमएचसी, सेक्टर 13; श्री राजेश राय, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए, सेक्टर 43-बी; श्री विक्रम चोपड़ा, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए, सेक्टर 43; श्री राजबीर सिंह बराड़, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए, सेक्टर 38 (वेस्ट) सहित चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड एवं चंडीगढ़ प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


