स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि आज का दिन पूरे देश और विशेष रूप से हरियाणा के लिए ऐतिहासिक और गौरव का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के कारण हरियाणा विकास के नए अध्याय लिख रहा है। उन्होंने कहा कि जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाना और अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भारत की तकनीकी क्षमता और हरित विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रदेश को लगभग 1,437.79 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो नए मेडिकल कॉलेजों भिवानी के पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज तथा कोरियावास के महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल की सौगात देकर हरियाणा के स्वास्थ्य क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है।


