सोनीपत के जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आज का दिन हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का दिन है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर भारत को हरित परिवहन के नए युग में प्रवेश कराया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व के कारण हरियाणा को यह गौरव प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन अत्याधुनिक फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित है। इसमें हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रासायनिक प्रक्रिया से विद्युत ऊर्जा उत्पन्न होती है, जिससे ट्रेन संचालित होती है। इस प्रक्रिया में किसी प्रकार का प्रदूषण नहीं होता और केवल जलवाष्प उत्सर्जित होती है। यह तकनीक पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि है।


