हरियाणा के जनस्वास्थ्य आभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने हिसार की अनाज मंडी में बरसाती मौसम के दौरान जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को जल्द से जल्द जल निकासी की परियोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों, आढ़तियों और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से सुदृढ़ किया जाए।
इस संबंध में पहले भी दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। बैठक में कैबिनेट मंत्री ने मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के समीप ड्रेनेज अथवा ऋषि नगर के समीप ड्रेन से जल निकासी की परियोजना तैयार कर मुख्यालय भेजी जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना प्राप्त होने के बाद वे स्वयं उच्चाधिकारियों से बातचीत कर इसे मंजूर करवाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि परियोजना तैयार करने अथवा जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाने में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की तकनीकी सहायता की आवश्यकता हो तो उनसे समन्वय स्थापित किया जाए।
अधिकारियों और आढ़तियों के साथ आयोजित बैठक में अनाज मंडी में तोल के कांटों से संबंधित व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि कुछ तोल कांटे खराब हैं। कैबिनेट मंत्री ने उनकी क्षमता बढ़ाते हुए सभी तोल कांटों को अगले दो दिन में दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए, ताकि मंडी में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे व्यवस्थाओं की केवल कागजी समीक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं मंडियों में जाकर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, वहां समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मंडियों में बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में चेयरमैन श्री रविंद्र रॉकी, आढ़तियों की ओर से श्री पवन गर्ग, एसई श्री हेमंत मित्तल, डीएफएससी श्री अमित शेखावत तथा मार्केट कमेटी सचिव श्री भारत भी मौजूद थे।


