स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जयंती हमें निर्माण, कर्म, हुनर और मेहनत का संदेश देती है। देश और प्रदेश की प्रगति में कारीगरों, श्रमिकों और हुनरमंद लोगों का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने श्रम और हुनर को सम्मान देते हुए कारीगरों को आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान किए हैं। पीएम विश्वकर्मा योजना भी इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर हुनर को सम्मान, हर मेहनत को पहचान और हर हाथ को आगे बढ़ने का अवसर मिले। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि आज महाराज सूरसैनी जी की प्रतिमा का अनावरण भी हुआ है, जो क्षेत्र के गौरव, स्वाभिमान और वीर परंपरा के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
कुमारी आरती सिंह ने महेंद्रगढ़ को वीरों की धरती बताते हुए कहा कि दक्षिण हरियाणा के लगभग हर परिवार का सेना और देशसेवा से गहरा नाता रहा है। उन्होंने कहा कि नसीबपुर में प्रस्तावित शहीद स्मारक को लेकर दो बैठकें हो चुकी हैं और इसकी ड्राइंग भी स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री जल्द ही इस स्मारक का शिलान्यास करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि सतनाली में अस्पताल के निर्माण के लिए टेंडर हो चुका है और इसका कार्य जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। महेंद्रगढ़ के उपमंडल अस्पताल के संबंध में लगभग 23 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी कर अस्पताल का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा लगभग 135 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान जनसेवा से जुड़ा व्यापक अभियान है। उन्होंने लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने सभा के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।


