हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को हरियाणा विधानसभा परिसर में योग प्रोटोकोल का अभ्यास किया। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी मुख्यमंत्री के साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल अभ्यास में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी व विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने दीप प्रज्ज्वलित कर योग प्रोटोकॉल अभ्यास सत्र का शुभारंभ किया और निर्धारित क्रम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर किए जाने वाले सभी योग अभ्यास किए। हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने योग प्रशिक्षकों के साथ सभी उपस्थितगण को योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रार्थना, संचलन अभ्यास, योगासन के तहत खड़े होकर, बैठकर, पेट के बल लेटकर तथा पीठ के बल लेटकर किए जाने वाले आसन, प्राणायाम, ध्यान व शांतिपाठ का अभ्यास करवाया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि योग हमें मैं से हम तक की यात्रा करवाता है और यह हमें अपने आप से और समाज से जोड़ने का काम करता है। पूरा विश्व 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाएगा लेकिन हमें समझने की जरूरत है कि हमें केवल एक दिन के लिए योग दिवस नहीं मनाना बल्कि इसे जीवन के साथ एक संकल्प की तरह जोड़ना है। हरियाणा में राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह पंचकूला में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से अपने निकटवर्ती योग कार्यक्रमों में शिरकत करें और योग के माध्यम से मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ रहकर देश की प्रगति में अपना योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जब 2014 में संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से दुनिया को योग से परिचित करवाया तो पूरे विश्व ने इसका महत्व समझते हुए भारत की इस पहल का खुले दिल से स्वागत किया। इस प्राचीन पद्धति का जिक्र भगवान श्रीकृष्ण ने भी गीता के संदेश में किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण पूरी दुनिया योग से जुड़ी है। यह भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि और भारत की सांस्कृतिक शक्ति का प्रमाण है। यह भारत की सनातन परंपरा को वैश्विक स्वीकृति और नमन भी है। आज पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रही है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रखी गई है। हरियाणा सरकार योग के माध्यम से नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प को साकार करने की दिशा में भी आगे बढ़ रही है। हमने अपने वादे के अनुरूप योग को पाठयक्रम में शामिल किया है तथा स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में योग क्लब स्थापित किए हैं। सरकार ने हरियाणा के हर गांव में व्यायामशालाएं खोलने का लक्ष्य रखा है। अब तक 883 व्यायामशालाएं खोली जा चुकी हैं जिनमें 859 योग सहायक नियुक्त किए हैं। आयुष औषधालयों और उपस्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान आरोग्य केंद्रों के रूप में उन्नत किया गया है जिनमें योग इंस्ट्रक्टर नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा परिसर में योग प्रशिक्षण भी एक संदेश है कि हरियाणा का नेतृत्व और जन प्रतिनिधि योगमय जीवन जीते हैं। यह सुशासन और जनसेवा का भी आधार है। सरकार ने सभी औद्योगिक इकाइयों में प्रतिदिन योग विराम का प्रावधान भी किया है। उन्होंने कहा कि दिनभर की निरंतर भागदौड़ के बीच वे स्वयं 5 मिनट का ब्रेक लेकर योगासन करते हैं जिससे स्वयं को पुनः ऊर्जावान बनाते हैं।


