विश्विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि: शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा
हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने कहा कि आरसीडीसी लैब का उद्घाटन विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह लैब केवल आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि उद्योग और शिक्षा जगत के बीच मजबूत समन्वय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऑटोमोबाइल क्षेत्र तेजी से बदल रहा है और इलेक्ट्रिक वाहन, कनेक्टेड वाहन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन मोबिलिटी तथा सस्टेनेबल ट्रांसपोर्ट जैसी नई तकनीकें भविष्य की दिशा तय कर रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित रखने के बजाय उन्हें उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आरसीडीसी लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को वोल्वो और आइशर के वास्तविक सिस्टम, इंजन और आधुनिक तकनीक पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा। प्रशिक्षण के साथ विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर का कौशल प्रमाण-पत्र भी मिलेगा, जिससे उन्हें देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
इस मौके पर सोनीपत विधायक श्री निखिल मदान, चेयरमैन श्री मोहनलाल बडौली, दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल के कुलगुरू प्रोफेसर श्री प्रकाश सिंह, वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड और वोल्वो समूह के वरिष्ठ अधिकारीगण और जिला प्रशासन के अधिकारीगण मौजूद रहे।


