*महंगाई की एक और चोट, दवाओं के दाम बढ़ाकर जनता को दिया झटका – हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह*
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने आवश्यक दवाइयों की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महंगाई से त्रस्त जनता पर यह एक और बड़ा प्रहार है। उन्होंने कहा कि बीमारी और इलाज जैसी संवेदनशील आवश्यकता को भी भाजपा सरकार ने मुनाफाखोरी और राजस्व वसूली का माध्यम बना दिया है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कैंसर, टिटनस, घावों के उपचार तथा अन्य गंभीर बीमारियों में उपयोग होने वाली अनेक दवाओं की कीमतों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2021 से 2026 के बीच लगभग 900 आवश्यक दवाओं के दामों में 26 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। वहीं ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, एचआईवी तथा विभिन्न संक्रमणों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली जेनेरिक दवाइयों की कीमतों में भी पिछले पांच वर्षों में लगभग 28 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ाकर आम परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है, वहीं अब दवाइयों को महंगा कर गरीब, किसान, मजदूर, बुजुर्ग और मध्यम वर्गीय परिवारों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। बीमारी के समय जब परिवार पहले से ही आर्थिक संकट का सामना कर रहा होता है, तब दवाओं की बढ़ी कीमतें उसके लिए दोहरी मार साबित हो रही हैं।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों का आधार जरूरतमंद की सहायता करना है, लेकिन भाजपा सरकार ने मरीजों की मजबूरी को भी कमाई का जरिया बना लिया है। जनता के स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं पर लगातार महंगाई थोपना बेहद अमानवीय और संवेदनहीन रवैया है।
उन्होंने हरियाणा की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में आज भी मेडिकल कॉलेजों की संख्या आवश्यकता के अनुरूप नहीं है। जिला और उपमंडल स्तर के अस्पतालों में डॉक्टरों, विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मचारियों के हजारों पद खाली पड़े हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्र संसाधनों के अभाव से जूझ रहे हैं, जबकि अनेक सरकारी अस्पतालों की इमारतें जर्जर अवस्था में हैं। मरीजों को समय पर उपचार, जांच और दवाइयां तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि जब स्वास्थ्य सुविधाएं पहले से कमजोर हों और अस्पतालों में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध न हो, तब दवाओं की कीमतों में वृद्धि जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने के समान है। भाजपा सरकार को जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बंद कर आवश्यक दवाओं की कीमतों में राहत देनी चाहिए तथा हरियाणा में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के स्वास्थ्य, सस्ती चिकित्सा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के अधिकार की लड़ाई लगातार उठाती रहेगी और सरकार को उसकी जनविरोधी नीतियों के लिए जवाबदेह बनाएगी।


