हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने राज्य स्तरीय सशक्त पंचायत समारोह के सफल आयोजन पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश की पंचायतों को अभूतपूर्व अधिकार, संसाधन और सम्मान मिला है। पंचायतों को विकास प्रक्रिया का वास्तविक भागीदार बनाकर हरियाणा सरकार गांवों को आत्मनिर्भर, स्वच्छ, आधुनिक और समृद्ध बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
पंचायत मंत्री श्री पंवार ने कहा कि समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने 2,697 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न स्कीमों के लाभार्थियों को जारी करना सरकार की गरीब उत्थान की सोच को दर्शाता है। इसके साथ -साथ मुख्यमंत्री ने स्वच्छता और विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रदेश की छह ग्राम पंचायतों को ‘जागृत ग्राम पुरस्कार’ के तहत 1 करोड़ 66 लाख रुपये की सम्मान राशि भी प्रदान की , जो अन्य गांवों के प्रोत्साहन का काम करेगी।
श्री पंवार ने कहा कि 350 अटल लाइब्रेरियों का लोकार्पण, एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजनाओं का शुभारंभ तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी अनेक योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाना इस बात का प्रमाण है कि वर्तमान सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब परिवारों को बड़ी राहत देते हुए पिछले 20 वर्षों से शामलात भूमि पर बने मकानों के मालिकाना हक के लिए आवेदन की अवधि को बढ़ाकर 16 जनवरी, 2027 तक कर दिया है, जो सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में पंचायतों की होगी निर्णायक भूमिका
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा तय की है। प्रधानमंत्री ने गांवों को विकास का अंतिम नहीं, बल्कि प्रथम केंद्र मानते हुए जो दृष्टि देश को दी है, उसी विजन को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी हरियाणा में प्रभावी रूप से लागू कर रहे हैं। आज प्रदेश की पंचायतें केवल स्थानीय प्रशासन की इकाई नहीं, बल्कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने की सशक्त आधारशिला बन रही हैं।
पंचायत मंत्री ने कहा कि विकसित भारत का मार्ग गांवों से होकर गुजरता है। जब गांव स्वच्छ, नशामुक्त, शिक्षित, डिजिटल और आत्मनिर्भर बनेंगे, तभी विकसित भारत का संकल्प साकार होगा। इसी उद्देश्य से हरियाणा सरकार पंचायतों को अधिक अधिकार देने, ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, युवाओं के लिए आधुनिक पुस्तकालय स्थापित करने तथा महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
श्री पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गांवों में कचरा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने, ई-वाहनों को बढ़ावा देने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने, जल संरक्षण, खेल संस्कृति के विस्तार और नशामुक्ति अभियान को मजबूत करने जैसे विषयों पर दिए गए आह्वान से ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंचायतें केवल विकास कार्यों के क्रियान्वयन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और जन-जागरूकता की सबसे प्रभावी कड़ी भी हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा की पंचायतें विकसित हरियाणा और विकसित भारत-2047 के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाते हुए ग्रामीण विकास का नया इतिहास रचेंगी।


