पर्यावरण, वन एवं वन्य प्राणी मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने के लिए हर व्यक्ति को कम-से-कम दो पेड़ अवश्य लगाने चाहिए और उनकी देखभाल भी करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के 13 जिले राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का हिस्सा हैं। सर्दियों के मौसम में दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा के ये जिले भी वायु प्रदूषण की गंभीर समस्या से प्रभावित होते हैं। ऐसे में अधिक से अधिक पौधारोपण ही प्रदूषण से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
राव नरबीर सिंह ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में पेड़ों का विशेष महत्व है। पेड़ जीवनभर हमें छाया, ऑक्सीजन और फल-फूल देते हैं और अंत समय में भी अंतिम संस्कार के काम आते हैं। इसलिए हमें पेड़ों को केवल लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना चाहिए।
उन्होंने बदलती जीवनशैली का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2018 में एक सर्वे के अनुसार देश में लगभग 10 करोड़ शादी के कार्ड छपे थे। सोचिए, इन्हें बनाने के लिए कितने पेड़ों की कटाई हुई होगी। आज वर्ष 2026 में यह संख्या और भी बढ़ चुकी है। उन्होंने कहा कि शादी के निमंत्रण के साथ भेजे जाने वाले भारी-भरकम गिफ्ट बॉक्स और कागज का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण पर अतिरिक्त बोझ डालता है। आज जब हर व्यक्ति के हाथ में मोबाइल फोन है और हम अन्य शुभकामनाएं व संवेदनाएं डिजिटल माध्यम से भेज सकते हैं, तो विवाह के निमंत्रण भी डिजिटल माध्यम से भेजने की आदत विकसित करनी चाहिए। इससे बड़ी मात्रा में कागज की बचत होगी और पेड़ों की कटाई भी कम होगी।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के स्थापित होने से इस क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण के प्रयासों और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में यह क्षेत्र शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार का बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। जिस प्रकार वर्षों पहले गुरुग्राम में उद्योगों के आने से वहां की तस्वीर बदल गई थी, उसी प्रकार यह मेडिकल यूनिवर्सिटी भी करनाल और आसपास के क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी तथा रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।
इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता, विधायक श्री रामकुमार कश्यप, श्री जगमोहन आनंद, श्री योगेंद्र राणा, श्री भगवान दास कबीरपंथी, करनाल मेयर श्रीमती रेणुबाला गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, चेयरमैन श्री रवि सैनी, श्री यशपाल ठाकुर, सतीश गुप्ता, सुभाष चंद्र, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री केसी मीणा सहित गणमान्य मौजूद थे।


