कार्यक्रम में मंत्री रणबीर गंगवा ने केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब आदमी को मुफ्त इलाज, राशन और आवास जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने आयुष्मान और चिरायु योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अब गरीब लोगों को इलाज की चिंता नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले किसानों को मुआवजे के नाम पर दो-दो और पांच-पांच रुपये के चेक दिए जाते थे, जिससे किसानों का मजाक बनाया जाता था। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी स्वीकार किया था कि केंद्र से भेजे गए सौ रुपये में से केवल पंद्रह रुपये ही गरीब तक पहुंचते थे। अब प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सीधे किसानों के खातों में सहायता राशि भेजी जा रही है।
रणबीर गंगवा ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को कांग्रेस की तुलना में कई गुना अधिक मुआवजा दिया है। साथ ही मोदी सरकार ने चार करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध कराए हैं। उज्ज्वला योजना के तहत दस करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं, जबकि नायब सरकार ने ग्रामीण और शहरी गरीबों को प्लॉट देने का काम भी किया है।
*भाजपा राष्ट्रवादी विचारधारा पर आधारित संगठन: ओम प्रकाश धनखड़*
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा पर आधारित संगठन है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।


