हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि वर्षा ऋतु प्रकृति को संवारने का सबसे उपयुक्त अवसर है और प्रत्येक नागरिक को इस अभियान का सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना एक दिन का कार्य है, लेकिन उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार ने इस वर्ष व्यापक स्तर पर पौधारोपण के साथ-साथ प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल और संरक्षण पर विशेष बल दिया है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने लगाए हुए पौधे को परिवार के सदस्य की तरह अपनाकर उसका पालन-पोषण करे, तो हरियाणा आने वाले वर्षों में अधिक हरित, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त राज्य के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण का संकल्प भी लें।
*वन मंत्री राव ने कहा, डिजिटल निमंत्रण अपनाकर बचाएं कागज, ईंधन और पर्यावरण*
मंत्री श्री राव ने नागरिकों से सामाजिक आयोजनों में पारंपरिक छपे हुए निमंत्रण-पत्रों के स्थान पर मोबाइल और डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कागज के लिए पेड़ों की कटाई होती है, इसलिए यदि हम डिजिटल निमंत्रण अपनाते हैं तो कागज की बचत के साथ-साथ पेड़ों का संरक्षण भी होगा। इसके अलावा कार्ड वितरित करने में लगने वाला समय, ईंधन की खपत, सड़क पर यातायात का दबाव तथा ध्वनि एवं वायु प्रदूषण भी कम होगा। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में मोबाइल के माध्यम से भेजा गया एक संदेश भी उतना ही प्रभावी है जितना व्यक्तिगत निमंत्रण। छोटे-छोटे बदलाव सामूहिक रूप से बड़े सकारात्मक परिणाम लाते हैं और एक स्वच्छ, हरित तथा टिकाऊ भविष्य की मजबूत नींव बनते हैं।
कार्यक्रम में सोहना विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, हरियाणा वन विकास निगम के चेयरमैन श्री रवि सैनी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक केसी मीणा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, मानेसर की मेयर डॉ इंद्रजीत यादव, डीसी उत्तम सिंह, मानेसर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह, भाजपा गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव, गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, , सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव, डिप्टी मेयर रीमा चौहान, चीफ फॉरेस्ट कंजर्वेटर सुभाष यादव, कंजर्वेटर राजकुमार, डीएफओ सुरेंद्र दांगी सहित गणमान्य मौजूद थे।


