पंचकूला में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 आरोपी गिरफ्तार
पंचकूला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 अलग-अलग मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 183 ग्राम हेरोइन और 1 किलो 118 ग्राम चरस बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब और हिमाचल प्रदेश से जुड़े अंतरराज्यीय नशा तस्कर भी शामिल हैं। इनमें से 3 आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि 2 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल ने 3 मामलों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि क्राइम ब्रांच-1 ने एक मामले में 2 आरोपियों को काबू किया है।
पहले मामले में 7 अगस्त को थाना चंडीमंदिर में केस दर्ज किया गया था। क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने पंचकूला-यमुनानगर हाईवे पर गांव सुल्तानपुर के पास नाकाबंदी कर मौली निवासी रवि कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 59 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले में बरवाला निवासी सुनील कुमार उर्फ सेठी को भी गिरफ्तार किया।
दूसरे मामले में 8 अगस्त को एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने सेक्टर-28, पंचकूला में कार्रवाई करते हुए राजीव कॉलोनी निवासी विजय सिंह उर्फ गीजर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 24 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जहां उससे नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।
तीसरे मामले में 9 सितंबर को थाना सेक्टर-20 में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने आशियाना, सेक्टर-20 के पास तरनतारन, पंजाब निवासी गौरवदीप कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
वहीं चौथे मामले में 9 सितंबर को थाना पिंजौर में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने सुखोमाजरी, पिंजौर के पास शिमला, हिमाचल प्रदेश निवासी भूपेंद्र ठाकुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 किलो 118 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी को भी 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पुलिस टीमें नशा तस्करों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। खास तौर पर दूसरे राज्यों से पंचकूला में नशे की सप्लाई करने वाले तस्करों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी नशे की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलती है तो पंचकूला पुलिस की हेल्पलाइन 7087081100 और 7087081048 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


