युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, हरियाणा द्वारा आज ताऊ देवीलाल स्टेडियम, पंचकूला में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत राज्य स्तरीय ‘वॉक फॉर नशा मुक्त युवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। 100 सप्ताह के नशा मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में पंचकूला के महापौर श्याम लाल बंसल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मेरा युवा भारत, हरियाणा के राज्य निदेशक आकर्ष दीक्षित, सहायक निदेशक ईशा गुप्ता, जिला युवा अधिकारी, पंचकूला स्नेग्धा सिंह, वार्ड पार्षदों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ से हुआ, जिसके उपरांत राज्य निदेशक आकर्ष दीक्षित ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि महापौर श्याम लाल बंसल ने हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया। प्रतिभागियों ने ताऊ देवीलाल स्टेडियम से घग्गर नदी पुल तक जागरूकता पदयात्रा निकाली और निर्धारित मार्ग से वापस स्टेडियम पहुँचे। इस दौरान युवाओं ने नशे से दूर रहने, खेलकूद एवं नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति की शपथ लेकर स्वयं नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महापौर श्याम लाल बंसल ने स्वस्थ एवं जागरूक युवा शक्ति को विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए युवाओं को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। राज्य निदेशक आकर्ष दीक्षित ने युवाओं से जनजागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा स्वयंसेवक नशा मुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुँचाकर सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बन सकते हैं।
वॉकथॉन के उपरांत राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस राज्य स्तरीय आयोजन के माध्यम से ‘नशा मुक्त भारत—स्वस्थ भारत, सशक्त भारत, विकसित भारत’ का संदेश जनसामान्य तक पहुँचाया गया। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता को अपने परिवार, मित्रों एवं समुदाय तक पहुँचाते हुए स्वस्थ एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।


