हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसानों को धान की सीधी बिजाई को अपनाना चाहिए। इससे किसानों को लगभग 15 हजार रुपये प्रति एकड़ तक का फायदा हो सकता है, जिसमें 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की लागत की बचत होती है और सरकार की ओर से भी 4 से 5 हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता दी जाती है। उन्होंने कहा कि सीधी बिजाई से पानी की भी बचत होती है। श्री राणा ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पानी, मिट्टी और हवा का संतुलन बिगड़ रहा है और जमीन की सेहत भी खराब हो रही है, इसलिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और कृषि की टिकाऊ व्यवस्था के लिए हमें अधिक गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा,सी.आई.आई. हरियाणा के अध्यक्ष श्री साकेत भाटिया व अन्य पदाधिकारीगण व भारी संख्या में किसान मौजूद रहे ।


