सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यातिथि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण करते हुए मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को नमन किया और कहा कि देश की आजादी के लिए प्राणों को न्यौछावर करने वाले वीरों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि आज का भारत केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी कार्य किये हैं। सभी 24 फसलें गेंहू, सरसों, सूरजमुखी, मसूर, धान, ज्वार, बाजरा, गन्ना, कपास और चना आदि की खरीद एम.एस.पी. पर करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। इसी प्रकार टमाटर, प्याज़ से लेकर लीची और शहद तक 22 सब्जी और फल को भावान्तर भरपाई योजना में शामिल करने वाला भी हरियाणा राज्य अपने किसानों का ख़्याल रखता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब भारत को विकसित राष्ट्र और हरियाणा को विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने की हमारी जिम्मेदारी है। हमें ऐसा हरियाणा बनाना है जहां किसान समृद्ध हो, जहां युवा रोजगार देने वाला भी बने और रोजगार पाने वाला भी, जहां हमारी बेटियां सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर हों, जहां उद्योगों को अवसर और युवाओं को रोजगार मिले, जहां हर गरीब परिवार के पास सम्मानजनक जीवन की सुविधाएं हों, जहां गांव और शहर समान रूप से विकसित हों, जहां विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता मिले और जहां पारदर्शी शासन जनता के विश्वास को और मजबूत करे।


