भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के लोगों को संगठन और संवैधानिक पदों पर अवसर देना भाजपा की समावेशी सोच को दर्शाता है। उन्होंने बाबा साहेब को भारत रत्न देने, पंचतीर्थ विकसित करने और संविधान दिवस मनाने जैसे कदमों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर अनुसूचित जाति समाज को केवल वोट बैंक समझने का आरोप लगाया।
डॉ. गुप्ता ने अजय खुंडिया से मोर्चे का मंडल स्तर तक शीघ्र विस्तार करने और प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की मौजूदगी सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के सरपंचों, पार्षदों, जिला परिषद प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों से जोड़ना जरूरी है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट करने के साथ-साथ जातिगत उपविभाजन और आपसी भेदभाव समाप्त करने की दिशा में अजय खुंडिया और उनकी पूरी टीम काम करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में अनुसूचित जाति मोर्चा गांव, मंडल और बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत होगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, विधायक पवन खरखौदा, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, चेयरमैन बन्तो कटारिया, एडवोकेट वेदपाल, सुभाष कलसाना, कैप्टन योगेश बैरागी, ईश्वर सिंह प्लाका, बलदेव ग्रोहा समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।


