चंडीगढ़ प्रशासन ने आज ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत टैगोर थिएटर, सेक्टर 18, चंडीगढ़ में यक्षगान सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘श्री देवी महात्मे’ का आयोजन किया। पंजाब के माननीय राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के मुख्य सचिव श्री हिरियडका राजेश प्रसाद और पंजाब के मुख्य सचिव श्री के. ए. पी. सिन्हा ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लिया। चंडीगढ़ प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
यक्षध्रुव पाटला फाउंडेशन, मंगलूरु द्वारा प्रस्तुत इस कार्यक्रम में मंगलूरु से आए कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। आगामी नवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में कलाकारों ने महिषासुर वध प्रसंग को मंच पर जीवंत किया और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिषासुर पर देवी दुर्गा की विजय का चित्रण किया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि चंडीगढ़ के दर्शकों के लिए नाटक को विशेष रूप से हिंदी भाषा में रूपांतरित किया गया था। इससे दर्शक यक्षगान की समृद्ध परंपराओं का अनुभव करने के साथ-साथ कथा से भी गहराई से जुड़ सके। कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय, आकर्षक वेशभूषा, संगीत और प्रभावशाली कथा प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए श्री कटारिया ने कहा कि यह नाटक बुराई पर अच्छाई की विजय का शाश्वत संदेश देता है। उन्होंने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की और दर्शकों तक कथा को सहजता से पहुंचाने के लिए नाटक को विशेष रूप से हिंदी में रूपांतरित करने के प्रयास की प्रशंसा की।
प्रशासक ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के अंतर्गत ऐसे सांस्कृतिक आदान-प्रदान देश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संबंधों को मजबूत करते हैं और भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत के प्रति समझ एवं सम्मान बढ़ाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में चंडीगढ़ में ऐसे और भी नाटकों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।


