पलवल में 80वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन आगरा चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में भव्य एवं गरिमापूर्ण तरीके से किया गया। समारोह में हरियाणा सरकार में खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा कानून एवं विधायी कार्य राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वजारोहण करने उपरांत परेड का निरीक्षण कर शानदार मार्च पास्ट की सलामी ली। जिला प्रशासन की ओर से जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में पलवल जिले के गांव रजोलका के प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय बीन वादक हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित हवा सिंह नाथ को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
हरियाणा सरकार में खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा कानून एवं विधायी कार्य राज्य मंत्री गौरव गौतम ने देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हरियाली तीज के पावन पर्व पर प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को भी हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की।
खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि आज हम उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हैं, जिनके त्याग, तपस्या और बलिदान के कारण हमें आजादी प्राप्त हुई। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
मंत्री श्री गौरव गौतम ने पलवल जिला के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में वर्षों में जिला में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। उन्होने कहा कि हरियाणा खेलों की धरती है। प्रदेश के खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर हरियाणा और देश का नाम रोशन किया है। सरकार खेलों के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा विकसित करने, खिलाडिय़ों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में सुपर-100 और राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय जैसी योजनाओं के माध्यम से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। हमारे बच्चे आईआईटी और एनआईटी और देश के प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों तक पहुंच रहे हैं।
खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित हरियाणा का निर्माण करना है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है।


