सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि भिवानी का भीम स्टेडियम केवल खेलों का मैदान नहीं, बल्कि उनके परिवार की यादों और क्षेत्र की खेल परंपरा से भी जुड़ा हुआ है। उनके पिता चौधरी श्री सुरेंद्र सिंह ने इस स्टेडियम की आधारशिला रखी थी और वे यहां सुबह अभ्यास के लिए आया करते थे। आज इस स्टेडियम को खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और उपलब्धियों से नई पहचान दी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का भिवानी की धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि यहां के खिलाड़ियों ने अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर ग्रामीण स्तर से उठकर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है।
श्रुति चौधरी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि भीम स्टेडियम का और विस्तार किया जाए तथा यहां खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि यहां के खिलाड़ी पहले ही अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं और अब वे दूसरे बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बन सकते हैं।


