भाजपा के मीडिया विभाग को और अधिक धारदार बनाने को लेकर भाजपा के मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय बैठक हुई। पानीपत स्थित पार्टी कार्यालय श्याम कमल में हुई बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने मीडिया विभाग के कार्यों की समीक्षा की और जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस बैठक में डा. अर्चना गुप्ता ने मीडिया विभाग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। बैठक में जिला व प्रदेश के मीडिया पदाधिकारियों के अलावा प्रदेश प्रवक्ता शामिल हुए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा की नायब सरकार और संगठन लगातार जनहित में कार्य कर रहे हैं। डबल इंजन सरकार के कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी तथ्यों के साथ प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना मीडिया विभाग की बहुत ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि तकनीकी के दौर में मीडिया की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। पार्टी के विचार और भाजपा सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों समाचार माध्यमों के साथ-साथ डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रभावी तरीके से रखा जाए। उन्होंने कहा कि तथ्यपरक और सकारात्मक संवाद के जरिए लोगों से जुड़ें और उन्हें पार्टी की नीतियों से अवगत कराएं।
डा. अर्चना गुप्ता ने मीडिया टीम के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि जिला और प्रदेश स्तर तक सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रवक्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश देते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों की पूरी जानकारी के साथ रखें। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस झूठ फैलाने वाली मशीन है। कांग्रेस पार्टी लगातार झूठे और भ्रामक प्रचार के माध्यम से लोगों को भ्रमित करने में जुटी है। ऐसे में सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी बनती है कि वे सकारात्मक और तथ्यात्मक संवाद के माध्यम से कांग्रेस के झूठे नेरेटिव को धराशाही करते हुए कांग्रेस की पोल खोलने का काम करें।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों, अभियानों और मीडिया रणनीति को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।
*मीडिया विभाग के कार्यों की समीक्षा, भविष्य की रणनीति पर मंथन*
बैठक के दौरान भाजपा हरियाणा के प्रदेश मीडिया संयोजक भूपेश्वर दयाल ने मीडिया विभाग द्वारा अब तक चलाए गए अभियानों, आयोजित प्रेस वार्ताओं तथा मीडिया कवरेज का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस दौरान विभाग की आगामी कार्ययोजना, मीडिया प्रबंधन और बदलते डिजिटल परिदृश्य के अनुरूप संचार रणनीति को और मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मीडिया विभाग के अब तक के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया तथा भविष्य में मीडिया गतिविधियों को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुख बनाने पर जोर दिया। बैठक में भाजपा हरियाणा के प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी तथा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर खरक, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नवीन गर्ग, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी संदीप आजाद, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा व प्रदेशभर से आए प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश पैनलिस्ट, जिला मीडिया प्रभारी एवं जिला मीडिया सह-प्रभारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे संगठन की विचारधारा, पार्टी की नीतियों तथा सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए नई ऊर्जा, अनुशासन, सकारात्मक दृष्टिकोण और आधुनिक तकनीक के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।


