भारतीय रिज़र्व बैंक, चंडीगढ़ द्वारा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सुरक्षाकर्मियों की सेवाओं के सम्मान एवं उनके प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को वार्षिक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री विवेक श्रीवास्तव, क्षेत्रीय निदेशक, भारतीय रिज़र्व बैंक, हरियाणा, पंजाब और चण्डीगढ़ संघ शासित क्षेत्र, द्वारा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अश्वनी कुमार डोगरा, पुलिस महानिरीक्षक, वेस्टर्न कमांड, आईटीबीपी उपस्थित थे। कार्यक्रम में भारतीय रिज़र्व बैंक एवं आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी, श्री संजय कुमार, क्षेत्रीय निदेशक, Bureau of Civil Aviation Security तथा UT चंडीगढ़, पंजाब एवं हरियाणा प्रोटोकॉल से जुड़े अधिकारीयों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में श्री विवेक श्रीवास्तव, क्षेत्रीय निदेशक, भारतीय रिज़र्व बैंक, ने कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश की सीमाओं को सुरक्षित रखने के लिए आईटीबीपी कर्मियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए समर्पित सुरक्षाकर्मियों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना हम सभी का दायित्व है।
सांस्कृतिक संध्या के दौरान विभिन्न संगीतमय एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया। आईटीबीपी के जवानों के लिए आयोजित इस विशेष संध्या ने आपसी सौहार्द, सम्मान और सहयोग की भावना को और मजबूत किया।
कार्यक्रम के अंत में भारतीय रिज़र्व बैंक की ओर से आईटीबीपी के अधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों के प्रति उनके समर्पण, साहस और राष्ट्रसेवा के लिए आभार व्यक्त किया गया।


