हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर ने कहा कि दुनिया के जितने भी विकसित राष्ट्र हैं, उनकी अर्थव्यवस्था में उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बड़े उद्योगों के साथ-साथ एमएसएमई क्षेत्र भी आर्थिक विकास की गति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
उन्होंने उद्यमियों का आह्वान किया कि वे ऐसे गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करें जिनकी देश-विदेश के बाजारों में मांग और पहचान बने। हरियाणा में निर्मित उत्पाद अपनी गुणवत्ता के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान बनाएं, इसके लिए उद्योग जगत को निरंतर नवाचार और गुणवत्ता पर ध्यान देना होगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आर्थिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है। उद्योगों में उत्पादन और पैकेजिंग के दौरान पर्यावरण अनुकूल सामग्री के उपयोग को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने उद्यमियों से आग्रह किया कि वे ऐसी पैकेजिंग सामग्री विकसित करने पर जोर दें जो आसानी से नष्ट हो सके और पर्यावरण को नुकसान न पहुंचाए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा ने उद्योग क्षेत्र में भी अपनी विशेष पहचान बनाई है- डॉ अमित अग्रवाल
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल ने स्वागत संबोधन में कहा कि हरियाणा सरकार एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा ने उद्योग क्षेत्र में भी अपनी विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई एमएसएमई नीति प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में लघु एवं मध्यम निदेशालय हरियाणा के महानिदेशक यश गर्ग ने एमएसएमई एवं निर्यात संवर्धन नीति 2026 के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उपलब्धियोंं पर प्रकाश डाला।


