स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि अमर शहीद राव तुलाराम जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की वीरगाथाएं हमारी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आजादी हमें अनेक वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है, इसलिए उनके इतिहास और योगदान को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि हांसी में राव तुलाराम की प्रतिमा और चौक का निर्माण केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि देशभक्ति, शौर्य और स्वाभिमान की भावना को जागृत करने वाला प्रेरणास्थल है।स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने यादव सभा और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे सामाजिक भाईचारा मजबूत हो और युवा अपने इतिहास से परिचित हों। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति में नसीब पुर में हुए संघर्ष में लगभग 5000 देशभक्तों ने शहादत दी थी। देश की आजादी के लिए लड़ी गई इस लड़ाई में हांसी के लोगों का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है। इस लड़ाई में अनेक देशभक्तों को रोड रोलर के नीचे को कुचल डाला गया। आज भी उसे सड़क को लाल सड़क के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि विधायक विनोद भयाना के प्रयासों से हंसी प्रदेश का 23 वा जिला बना। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद भी जनता के आशीर्वाद से विधायक व मंत्री बनी है।
भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि अमर शहीद राव तुलाराम ने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा सहित देश के अनेक वीरों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल प्रतिमा स्थापित करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना भी जरूरी है। सांसद ने सामाजिक एकता पर बल देते हुए कहा कि जाति, क्षेत्र और अन्य भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को संगठित होकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने हांसी की जनता और यादव सभा द्वारा किए गए भव्य आयोजन की सराहना की।
हांसी के विधायक विनोद भयाना ने कहा कि अमर शहीद राव तुलाराम की वीरता, त्याग और देशभक्ति हर भारतीय के लिए प्रेरणा का विषय है। हांसी की धरती पर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित होना क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि राव तुलाराम ने विपरीत परिस्थितियों में भी अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी स्मृति में स्थापित यह प्रतिमा और चौक आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान की याद दिलाते रहेंगे।


