केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि अमर शहीद राव तुलाराम का जीवन साहस, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल है। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में राव तुलाराम सहित देश के अनेक वीरों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति को जीवंत रखना और उनकी वीरगाथा को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
केंद्रीय मंत्री बुधवार को हांसी के दिल्ली रोड टी-प्वाइंट पर यादव सभा द्वारा निर्मित राव तुलाराम चौक के लोकार्पण एवं अमर शहीद राव तुलाराम की विशाल प्रतिमा का अनावरण करने के उपरांत यादव सभा द्वारा आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, विधायक विनोद भयाना सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि देश की आजादी का इतिहास किसी एक जाति, समाज या क्षेत्र तक सीमित नहीं है। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में देश के विभिन्न क्षेत्रों और समाजों के लोगों ने मिलकर अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि राव तुलाराम जैसे वीर योद्धाओं का बलिदान पूरे राष्ट्र की साझा विरासत है। आज आवश्यकता है कि हम उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लें तथा सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि हांसी में राव तुलाराम की प्रतिमा स्थापित होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।


