हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने की एक समग्र जीवन पद्धति है। वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली, अनियमित दिनचर्या और बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग का महत्व और भी बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की और आज विश्व के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की 2047 तक भारत को विकसित बनाने की परिकल्पना को तभी साकार किया जा सकता है जब हर व्यक्ति स्वस्थ होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने योग को बढ़ावा देकर युवाओं को नशे की प्रवृति से दूर रखने के सार्थक प्रयास किए हैं।
हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने बताया कि कॉमन योग प्रोटोकॉल भारत के आयुष मंत्रालय द्वारा विकसित योग अभ्यासों की एक मानकीकृत और वैज्ञानिक श्रृंखला है। इसे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरी दुनिया में एक साथ और एक लय में करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इसका उद्देश्य हर आयु और क्षमता के लोगों को योग की मूल बातें, स्वास्थ्य लाभ और मानसिक शांति के संबंध में जानकारी उपलब्ध करवाना है। इस प्रोटोकॉल में विभिन्न चरणों को एक व्यवस्थित क्रम में रखा गया है ताकि मन व शरीर को धीरे-धीरे तैयार किया जा सके।
इस अवसर पर विधानसभा के मुख्य सचेतक श्री रामकुमार कश्यप, विधायक श्री रणधीर सिंह पनिहार, श्री कंवर सिंह यादव, योग आयोग के उपाध्यक्ष रोशन लाल सहित विधानसभा के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे।


