हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि हिसार जिला के गांव तलवंडी राणा के ग्रामीणों को रास्ता देना मुख्यमंत्री की कमिटमेंट है और हर हाल में उसे पूरा किया जाएगा।
मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने तलवंडी राणा से हिसार के लिए वैकल्पिक सड़क उपलब्ध करवाने के मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों की सचिवालय स्थित कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक के दौरान हरियाणा सिविल एविएशन विभाग, वन विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, पीडब्ल्यूडी (बी एंडआर) विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव रखे। साथ ही तलवंडी राणा रोड बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की ओर से भी सड़क निर्माण को लेकर अपनी मांगें और सुझाव प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों और ग्रामीणों ने मंत्री श्री गंगवा की मौजूदगी में मैप का विश्लेषण भी किया, और विकल्पों पर चर्चा की, जिससे समस्या का हल हो सके।
बैठक में सड़क निर्माण के लिए सभी संभावित मार्गों, स्थानों एवं तकनीकी विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की गई ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके। इस दौरान अधिकारियों ने धांसू रोड स्थित बॉटलिंग प्लांट के पास से क्या विकल्प हो सकते हैं, उन पहलुओं को भी सांझा किया। इस दौरान विभाग के अधिकारियों द्वारा सुझाएं गए विकल्प टू को पूरा करने की दिशा में कदम उठाने पर सहमति बनी। इसके साथ ही एयरपोर्ट के दायरे में आने वाली 20 मीटर जगह को लेकर एविएशन के साथ पत्राचार भी किया जाएगा। विकल्प टू के तहत बनाए जाने वाले रास्ते पर वन विभाग, जीएलएफ और निजी भूमि आती है।
कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गांव तलवंडी राणा के लोगों की लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य गांव और शहर दोनों में बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
श्री गंगवा ने कहा कि सड़क निर्माण से गांव तलवंडी राणा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि परियोजना में आने वाली तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं का समय रहते समाधान किया जा सके।
बैठक में पीडब्ल्यू (बी एंड आर) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री एके सिंह, पूर्व आईजी श्री दलबीर भारती, पूर्व चेयरमैन श्री सतबीर वर्मा, श्री रणधीर सिंह धीरू, श्री ओमप्रकाश कोहली सहित अधिकारीगण और ग्रामीण मौजूद थे।


