भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन और दर्शन सामाजिक समानता, न्याय, भाईचारे तथा मानव गरिमा का महान संदेश देता है। गुरु रविदास महाराज द्वारा परिकल्पित बेगमपुरा एक ऐसे आदर्श समाज की संकल्पना है, जहां किसी प्रकार का भय, भेदभाव, ऊंच-नीच या अन्याय न हो और प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान तथा अधिकार प्राप्त हों। समरसता संकल्प यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के इन्हीं महान विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना तथा सामाजिक समरसता और बंधुत्व की भावना को और अधिक मजबूत करना है।
शुक्रवार को कुरुक्षेत्र स्थित भाजपा जिला कार्यालय गीता कमल में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा की राज्य स्तरीय कार्यशाला के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री लाल सिंह आर्य ने यह बात कही। कार्यशाला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें श्री लाल सिंह आर्य विशेष रूप से शामिल हुए और यात्रा की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया।
श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष को समरसता संकल्प अभियान के रूप में मना रही है। इस अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के विचारों, उनके जीवन दर्शन और सामाजिक समानता के संदेश को देश के कोने-कोने तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जिसमें किसी व्यक्ति के साथ जाति, वर्ग या सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव न हो। उनका बेगमपुरा का विचार आज भी सामाजिक समरसता, न्याय और समान अवसरों की प्रेरणा देता है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की विरासत, उनके विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मान देने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण पहल की हैं। मध्य प्रदेश के सागर स्थित बड़तूमा में संत रविदास मंदिर का निर्माण तथा हरियाणा के उमरी में प्रस्तावित स्थल का विकास भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज की शिक्षाएं किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
समरसता संकल्प अभियान के तीन चरण पूरे, चौथे चरण में निकलेगी 18 दिवसीय यात्रा : लाल सिंह आर्य
श्री लाल सिंह आर्य ने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के पहले चरण का शुभारंभ 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर काशी से किया गया था। इस दौरान 131 स्थानों से रथ रवाना किए गए और गुरु रविदास महाराज की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी को कलशों में एकत्रित कर विभिन्न स्थानों तक पहुंचाया गया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद देशभर में 51 हजार स्थानों पर समरसता दीप अभियान के अंतर्गत दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में समानता, सद्भाव और एकता का संदेश दिया गया। संत संपर्क अभियान के माध्यम से देशभर के संतों, धार्मिक संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के साथ संवाद स्थापित किया गया।
श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि अब इस अभियान के चौथे चरण में 18 नवंबर से समरसता संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से होगा। यह 18 दिवसीय यात्रा लगभग 2558 किलोमीटर का सफर तय करते हुए संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, काशी में संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। इस दौरान 19 बड़ी धर्मसभाएं तथा 28 जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न स्थानों पर संतों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा समाज के प्रबुद्धजनों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि अभियान में व्यापक सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा के माध्यम से गुरु रविदास महाराज के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और समाज में आपसी सद्भाव, समानता तथा बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
25 नवंबर को हरियाणा पहुंचेगी समरसता संकल्प यात्रा, कुरुक्षेत्र में होगी विशाल धर्मसभा
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य ने बताया कि समरसता संकल्प यात्रा 25 नवंबर को सहारनपुर से यमुनानगर के रास्ते हरियाणा में प्रवेश करेगी। इसके बाद यात्रा अंबाला होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी, जहां शाम चार बजे विशाल धर्मसभा आयोजित की जाएगी। इस धर्मसभा को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर को हरियाणा के आठ जिलों से गुजरेगी। 26 नवंबर को यात्रा कुरुक्षेत्र से करनाल, पानीपत और सोनीपत होते हुए मेरठ के लिए रवाना होगी। इसके बाद 28 नवंबर को दिल्ली से फरीदाबाद और पलवल होते हुए मथुरा की ओर प्रस्थान करेगी।
हरियाणा में कुरुक्षेत्र की विशाल धर्मसभा के अतिरिक्त सोनीपत और फरीदाबाद में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यात्रा के स्वागत के लिए हरियाणा की सीमा पर लगभग 500 मोटरसाइकिलों के साथ स्वागत कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है।
श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि यात्रा के दौरान समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा। संतों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, प्रबुद्धजनों तथा आम नागरिकों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि गुरु रविदास महाराज के विचारों का व्यापक प्रसार हो सके।
डॉ. अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता में हरियाणा की तैयारियों पर हुआ गहन मंथन
समरसता संकल्प यात्रा के हरियाणा आगमन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कुरुक्षेत्र स्थित भाजपा जिला कार्यालय गीता कमल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य ने यात्रा के उद्देश्य, सामाजिक महत्व तथा कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यशाला में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार, विपुल गोयल और कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा, प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता और गोपाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर तथा पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल सहित दस जिलों के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।
लगभग दो घंटे तक चली कार्यशाला में यात्रा मार्ग से जुड़े जिलों के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा के स्वागत, जनसभाओं, सामाजिक सहभागिता, प्रचार-प्रसार तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि हरियाणा में यात्रा के स्वागत और विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कुरुक्षेत्र में यात्रा के प्रस्थान से पहले स्वच्छता अभियान, अनुसूचित समाज के 150 से 200 प्रबुद्धजनों के साथ समरस संवाद तथा मंदिर में गुरु रविदास महाराज के चित्र की स्थापना एवं पूजन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग में आने वाले महापुरुषों के स्मारकों और प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान का स्मरण किया जाएगा। प्रदेश और जिला स्तर पर यात्रा की तैयारियों, स्वागत कार्यक्रमों, जनसभाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे निर्धारित जिम्मेदारियों का आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करें तथा यात्रा में संत समाज, सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं, प्रबुद्धजनों और आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।
सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देश के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचेगा : लाल सिंह आर्य
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि गुरु रविदास महाराज का संपूर्ण जीवन मानवता, समानता और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पित रहा। उनके विचार समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकता, सद्भाव और भाईचारे के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि बेगमपुरा की अवधारणा में एक ऐसे समाज का संदेश निहित है, जहां हर व्यक्ति को सम्मान मिले, किसी के साथ अन्याय न हो और सभी को समान अवसर प्राप्त हों। समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से इन्हीं आदर्शों को व्यापक स्तर पर समाज के सामने रखा जा रहा है।
श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि 18 नवंबर से प्रारंभ होने वाली समरसता संकल्प यात्रा गुरु रविदास महाराज की महान शिक्षाओं, उनके सामाजिक दर्शन और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर आयोजित धर्मसभाओं, सामाजिक संवाद और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता तथा बंधुत्व की भावना को और अधिक मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।


