हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के कल्याण और उनके सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए सरकार द्वारा कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही है। इसी कड़ी में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करने और उनके कार्यों को सम्मान देने के लिए वर्ष 2026-27 के राज्य स्तरीय महिला पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों के लिए पात्र महिलाओं से 5 नवंबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
श्रुति चौधरी ने कहा कि अनेक महिलाओं ने सामाजिक सेवा, महिला सशक्तीकरण, प्रशासन, उद्यमिता, खेल, पंचायती राज और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसी महिलाओं के योगदान को पहचान देना, उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना और अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि श्रीमती सुषमा स्वराज पुरस्कार के तहत पांच लाख रुपये, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के तहत एक लाख 50 हजार रुपये, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार तथा बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के तहत एक-एक लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, लाइफटाइम अचीवर्स पुरस्कार के तहत 51 हजार रुपये तथा उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं की श्रेणी में 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। सभी चयनित महिलाओं को नकद पुरस्कार के साथ प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री ने बताया कि सुषमा स्वराज पुरस्कार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को दिया जाएगा। इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार महिला एवं बाल कल्याण, संरक्षण और पुनर्वास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के लिए है। कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार साहसिक कार्यों और अनुकरणीय सेवाओं के माध्यम से अन्य महिलाओं को प्रेरित करने वाली महिलाओं को दिया जाएगा।
इसी प्रकार, बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों की उन महिला प्रतिनिधियों को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने महिला सशक्तीकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य किया हो। लाइफटाइम अचीवर्स पुरस्कार 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की उन महिलाओं को दिया जाएगा, जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में दीर्घकालीन उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की हों। उत्कृष्ट उपलब्धि पुरस्कार के अंतर्गत एएनएम, नर्स, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता, खिलाड़ी, सरकारी कर्मचारी, साक्षर महिला समूहों की सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और महिला उद्यमी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
श्रीमती श्रुति चौधरी ने पात्र महिलाओं से अपील की कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करें और इस अवसर का लाभ उठाएं। पुरस्कारों से संबंधित पात्रता शर्तें, विस्तृत दिशा-निर्देश तथा आवेदन प्रक्रिया विभाग की वेबसाइट https://onlinemis.wcdhry.gov.in/gaurav पर उपलब्ध हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।


