हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के अध्यक्ष श्री मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि महिलाओं और बच्चों का विकास एवं कल्याण समाज की समग्र प्रगति से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा, सहयोग और संवेदना की भावना को पहुंचाना है।
श्री मोहन लाल बड़ौली आज जिला सोनीपत के गांव गोरड़ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के साथ महिलाओं एवं बच्चों के विकास, सम्मान और कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों और सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जमीनी स्तर पर लोगों से संवाद स्थापित करने और उनकी आवश्यकताओं को समझने में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम में जिला परिषद की चेयरपर्सन श्रीमती मोनिका राजबीर दहिया, अनुसूचित जाति आयोग की वाइस चेयरपर्सन श्रीमती रेनू डाबला, ब्लॉक समिति के चेयरमैन श्री सतेन्द्र, डीपीओ श्रीमती प्रवीन मलिक तथा सरपंच श्रीमती अंजू सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


