जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ ने सूचित किया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी), 2020 के अनुरूप राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (आरआईएमसी) की प्रवेश परीक्षा प्रक्रिया में संशोधन किया गया है। संशोधित प्रक्रिया जुलाई 2027 सत्र में प्रवेश के लिए दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा से प्रभावी होगी।
संशोधित पात्रता मानदंड के अनुसार, अभ्यर्थी की आयु साढ़े 12 वर्ष से 14 वर्ष के बीच होनी चाहिए। दिसंबर 2026 की प्रवेश परीक्षा के लिए 1 जुलाई, 2013 से 1 जनवरी, 2015 के बीच जन्मे अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र होंगे।
पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आरआईएमसी अथवा राज्य/केंद्र शासित प्रदेश के अधिकारियों के पास जमा कराने की आवश्यकता नहीं है। लिखित परीक्षा देशभर में निर्धारित एनटीए परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
दिसंबर 2026 की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 1 सितंबर से 30 सितंबर, 2026 को शाम 5:00 बजे तक खुला रहेगा। पात्र अभ्यर्थी https://exams.nta.nic.in/RIMCEE पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को परीक्षा कार्यक्रम, प्रवेश पत्र तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए एनटीए पोर्टल और आरआईएमसी की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है। अधिक जानकारी https://rimc.edu.in/notice.aspx पर उपलब्ध है।


