सोनीपत में 40 दिन बाद मर्डर केस का खुलासा हुआ है। 18 हजार रुपए चोरी के शक में 2 दोस्तों ने युवक का गला काटकर मर्डर कर दिया। आरोपियों ने पहले 10 रुपए का चाकू खरीदा।
इसके बाद युवक के घर आकर कहीं बाहर घूमने का बहाना बनाया। दोनों उसे सोनीपत में किसी सुनसान जगह ले गए। यहां मर्डर कर शव को पानीपत बाईपास के पास पुलिया के नीचे फेंक दिया। जब अगले दिन तक विक्की (35) घर नहीं लौटा परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी।
जांच-पड़ताल में पुलिस को उसके दोनों दोस्तों विक्रम और प्रीतम पर शक हुआ। पूछताछ में दोनों ने विक्की की हत्या की बात कबूल ली। बुधवार को पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कंकाल बन चुके शव को बरामद कर लिया। कंकाल के पास से ही विक्की का आधार कार्ड मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सकी।


