हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने संबोधित करते हुए कहा कि गुरुजनों, शिक्षक दिवस केवल पुरस्कार बाँटने का एक औपचारिक समारोह नहीं है। यह दिन हमारी उस महान भारतीय गुरु-परंपरा को स्मरण करने का अवसर है, जिसने सदियों से इस देश की नींव को सींचा है। हमारे शास्त्रों और संस्कृति में गुरु को केवल ज्ञान देने वाली एक इकाई नहीं माना गया; गुरु चरित्र का निर्माता है, जीवन का मार्गदर्शक है। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जैसे एक महान शिक्षक का देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद तक पहुँचना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि हमारे भारतवर्ष में शिक्षक के योगदान को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि एक दशक पहले हरियाणा में बोर्ड परीक्षा परिणाम 40 प्रतिशत के आसपास रहता था, आज वही परिणाम बढ़कर 90 प्रतिशत के ऐतिहासिक स्तर को छू रहा है! यह चमत्कार कागज़ों पर नहीं हुआ है। इसके पीछे हमारे अध्यापकों की एक्स्ट्रा क्लास, कमजोर बच्चों को दी गई व्यक्तिगत सहायता, अथक प्रयास और अभिभावकों के साथ बनाया गया भरोसा है।
मंत्री ने कहा कि आज हरियाणा शिक्षा के हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार इसे कक्षा 5 तक विस्तारित किया गया है। बालवाटिका कक्षा 3 से कक्षा 4 तक के बच्चों का ‘निपुण हरियाणा टीचर एप’ से डिजिटल मूल्यांकन हो रहा है। बच्चों के लिए 10 करोड़ रुपये की लागत से मुफ़्त स्टेशनरी, ड्रेस और बैग उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों के सटीक मूल्यांकन के लिए 160 मानकों वाला लागू किया गया है। सभी स्कूलों में ड्यूल डेस्क और आधुनिक क्लासरूम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। 250 सीएम श्री, पीएम श्री और संस्कृति मॉडल स्कूलों को मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
वैश्विक अवसर और कौशल
बच्चों को ग्लोबल अवसरों से जोड़ने के लिए 26 स्कूलों में फ्रेंच और जर्मन भाषाएं शुरू की गई हैं। हमारे विद्यार्थी इसरो जा रहे हैं और भविष्य में उन्हें फ्रांस व जर्मनी के शैक्षणिक भ्रमण पर भी भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि ‘सुपर 100’ की सीटें 400 से बढ़ाकर 500 की गई हैं। मिशन बुनियाद, 2,238 स्किल लैब्स, इंटरनेट और स्मार्ट बोर्ड से हरियाणा का बच्चा-बच्चा लैस हो रहा है। मेवात कैडर में 1,200 नए पीआरटी अध्यापकों की नियुक्ति से ढांचे को और मजबूती मिली है।
इस अवसर पर मेयर श्री श्याम लाल बंसल, विद्यालय शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव श्री विजय सिंह दहिया, महानिदेशक माध्यमिक शिक्षा श्री जीतेंद्र कुमार, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


