हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने बताया कि आदमपुर व नलवा विधानसभा क्षेत्रों में नहरों से पिछले दो वर्षों के दौरान निर्धारित रोटेशन कार्यक्रम के अनुसार सिंचाई के जल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
श्रीमती चौधरी आज हरियाणा विधानसभा के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी।
सिंचाई मंत्री ने बताया कि आदमपुर और नलवा विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 48 नहरें/चैनल आते हैं। इनमें से बसरा सब माइनर नंबर-II, जिसके पुनरुद्धार को सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है उसे छोड़कर शेष 47 चैनलों के अंतिम छोर तक स्वीकृत रोटेशन कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित जल आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने बताया कि नलवा क्षेत्र में आने वाले 17 चैनल व दोनों विधानसभा क्षेत्रों में साझा 4 चैनल स्वीकृत रोटेशन कार्यक्रम के अनुसार 8 दिन चलने के बाद 16 दिन की नहर-बंदी के आधार पर संचालित किए जा रहे हैं। जबकि आदमपुर क्षेत्र में 27 चैनल पानी की उपलब्धता के आधार पर 2/3 ग्रुप प्रणाली के अंतर्गत संचालित किए जा रहे हैं। इस व्यवस्था में चैनलों को 16/8 दिन चलने के बाद 16 दिन की नहर-बंदी की अवधि के साथ संचालित किया जाता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा उपलब्ध जल संसाधनों के अनुसार स्वीकृत रोटेशन कार्यक्रम के माध्यम से नहरों के अंतिम छोर तक निर्धारित जल आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।


