फतेहाबाद के स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना के साथ 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण से मनाया गया। समारोह में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली।
इससे पहले मुख्यातिथि कैबिनेट मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने लघु सचिवालय समीप शहीदी स्मारक पर अमर वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कैबिनेट मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को हरियाली तीज की भी हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ा यह पर्व हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है।
कैबिनेट मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि इन सेनानियों के त्याग और बलिदान से हमें आजादी मिली।
उन्होंने कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के जिन मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी, वह नींव समय के साथ और मजबूत हुई है। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हमारे वीर सैनिकों को भी विशेष रूप से नमन किया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी वे तिरंगे की आन, बान और शान को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। कैबिनेट मंत्री ने सभी वीर जवानों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। जब-जब भारत की अस्मिता को चुनौती दी गई है, हमारे सैनिकों ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया है।


