करनाल में 80 वें स्वतंत्रता दिवस के समारोह के अवसर पर स्थानीय नई अनाज मंडी में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण विभाग के मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया। मंत्री ने इससे पूर्व कर्ण पार्क के नजदीक स्थापित शहीदी स्मारक पर जाकर पुष्पचक्र अर्पित की और शहीदों को नमन किया। कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम युवा शक्ति—विकसित भारत @ 2047 की यात्रा का नेतृत्व युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी देश के लिए गौरव का विषय है। ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है।
कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी प्रदान की जा रही है।


