हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने आज देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंचकूला के परेड ग्राउंड सेक्टर-5 में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्यातिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने सेक्टर-12 स्थित शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि वे भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सबकुछ न्योछावर करने वाले ज्ञात, अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रृद्धापूर्वक नमन करती हैं । उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने जल सुरक्षा, नहर आधुनिकीकरण, बाढ़ नियंत्रण, भूजल संरक्षण और कुशल सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जल सुरक्षित हरियाणा कार्यक्रम के तहत 5714 करोड़ रुपए की परियोजनाएं स्वीकृत की जा रही है, जिसके तहत 678 नहरों का पुनर्वास और नवीनीकरण, नहरों से खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 620 जल धाराओं का पुनर्वास और 120 नहर आधारित सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं का अपग्रेड किया जा रहा है। इसके अलावा वर्षा जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के लिए 131 नई वाटर बोडिज विकसित की जाएंगी। लगभग 2 लाख एकड़ भूमि को जलभराव की समस्या से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बाढ नियन्त्रण उपायों को मजबूत करने के लिए 4370 किलो मीटर ड्रेंस की सफाई की गई है और अधिक से अधिक पंप और अन्य उपकरण उपलब्ध करवाए गए। श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि हमारी बेटियां और महिलाएं हरियाणा की प्रगति की मजबूत आधारशिला हैं। शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में प्रदेश की बेटियों ने अपनी छाप बनाई है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने महिलाओं और बेटियों के लिए अनेक योजनाएं शुरू की है।


