झज्जर में स्थित रोडवेज वर्कशॉप परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। हरियाणा की स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने बतौर मुख्य अतिथि समारोह में पहुंचकर ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। वन्देमातरम गायन के साथ ही ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान की धुन से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। इससे पहले कुमारी आरती सिंह राव ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। डीसी वर्षा खांगवाल और पुलिस आयुक्त सिमरदीप सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया। स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने अपने संबोधन में देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का यह पर्व हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष के कारण हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों का योगदान भी अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सरकार का प्रयास है कि गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को सम्मान के साथ विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। उन्होंने अमर शहीद राव तुलाराम को नमन करते हुए कहा कि ऐसी महान विभूतियों के त्याग व समर्पण से युवा शक्ति को जीवन में आगे बढ़ने का सकारात्मक संदेश मिलता है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के साथ विकसित राष्ट्र बनने की ओर भारत अग्रसर हो रहा है।
स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में एक नया चिकित्सा विश्वविद्यालय तथा 12 चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित किए गए हैं। इनमें पांच सरकारी और सात निजी चिकित्सा महाविद्यालय शामिल हैं। चिकित्सा महाविद्यालयों में एमबीबीएस की 2,260 और स्नातकोत्तर की 788 सीटों की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि भिवानी में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय का निर्माण पूरा हो चुका है और इसमें ओपीडी सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 से यहां 100 एमबीबीएस सीटों पर दाखिला शुरू किया गया है। नारनौल के कोरियावास में भी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निर्माण पूरा हो चुका है, जहां 100 एमबीबीएस सीटों पर दाखिला तथा ओपीडी सेवाएं शुरू हो चुकी हैं।


