हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के जन्मस्थान सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी वाली कलश वंदन यात्रा का यमुनानगर आगमन पर स्वागत किया।
संत गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित इस यात्रा का ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा और भक्तिमय जयकारों के साथ भव्य स्वागत किया गया। मॉडल टाउन स्थित सनातन धर्म मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद, पवित्र कलश को जिले के सभी 16 संगठनात्मक मंडलों के लिए रवाना किया गया, ताकि पूरे जिले के श्रद्धालु इस पवित्र मिट्टी को नमन कर सकें।
जनसभा को संबोधित करते हुए श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि कलश वंदन यात्रा सामाजिक समरसता, समानता और संत गुरु रविदास जी के विचारों का संदेश हरियाणा के कोने-कोने तक पहुंचाएगी।
उन्होंने बताया कि रादौर विधानसभा क्षेत्र के अलीपुरा गांव में भी यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा 20 फरवरी 2027 तक प्रदेश भर के गुरु रविदास मंदिरों में जारी रहेगी। गुरु रविदास जी के अमर संदेश ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि यह विचार आज भी लोगों को सत्य और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर यमुनानगर के विधायक श्री घनश्याम दास अरोड़ा, यमुनानगर की मेयर श्रीमती सुमन बामनी, पूर्व मंत्री श्री कंवर पाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।


