भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने सोमवार को पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती भाजपा पूरे हरियाणा में भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाएगी। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक समरसता, संत परंपरा के सम्मान और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाएं पहुंचाने का व्यापक अभियान होगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का समता, समानता और सामाजिक सद्भाव का संदेश घर-घर तक पहुंचेगा। प्रेसवार्ता के दौरान डा. अर्चना गुप्ता ने पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर नौकरी बेचने, रिश्तेदारों और अपने करीबियों को सरकारी नौकरियां दिलाने के आरोप लगे हों, उन्हें भाजपा को उपदेश देने का कोई अधिकार नहीं है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के साथ भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख भूपेश्वर दयाल, मुख्य प्रवक्ता डा. संजय शर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी नवीन गर्ग भी मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा 4 अगस्त मंगलवार को गुरुग्राम स्थित श्री शीतला माता मंदिर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, वह स्वयं, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में 27 जिलों के लिए 27 पवित्र कलश सम्मानपूर्वक रवाना किए जाएंगे। प्रत्येक जिले में इन कलशों की भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जिसके बाद उन्हें मंडलों और गांवों तक पहुंचाया जाएगा।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा के प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता के नेतृत्व में 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गुरु रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी गया था। वहीं से गुरु रविदास जी की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी लेकर 134 भव्य कलश पूरे देश के विभिन्न राज्यों के लिए रवाना किए गए। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, संत समाज तथा देशभर से आए सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इन्हीं कलशों में से एक हरियाणा के लिए गुरुग्राम पहुंचा, जहां उसका भव्य स्वागत किया गया और शोभायात्रा के साथ श्री शीतला माता मंदिर में विधिवत स्थापना की गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि अब इस पवित्र मिट्टी को पूरे हरियाणा में सामाजिक समरसता का प्रतीक बनाकर पहुंचाया जाएगा। प्रत्येक जिले से मंडलों और मंडलों से गांव-गांव तक कलश यात्रा निकलेगी। जिन गांवों में गुरु रविदास मंदिर हैं, वहां तथा अन्य मंदिरों में तुलसी के पौधों के साथ इस पवित्र मिट्टी का विधिवत विलीन किया जाएगा। इस दौरान सभी समाजों के संत-महात्माओं को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया जाएगा। गुरुवाणी, भजन संध्या, संत प्रवचन तथा सामाजिक सद्भाव के कार्यक्रम आयोजित होंगे, ताकि गुरु रविदास जी के विचार समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सकें।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि अनुसूचित जाति छात्रावासों और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नायब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विद्यार्थियों और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई जाएगी तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में भाजपा कार्यकर्ता सहयोग करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह सरकार और संगठन का संयुक्त कार्यक्रम है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक विशाल समरसता यात्रा जालंधर से शुरू होकर चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, पानीपत और सोनीपत सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों से होकर गुजरेगी। प्रत्येक स्थान पर समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से इसका भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा गुरु रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी में संपन्न होगी। इस यात्रा का उद्देश्य पूरे देश में सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।
हर घर तिरंगा अभियान पर बोलते हुए डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा और मंडल में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। अभियान का शुभारंभ 10 अगस्त को कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे और वह वह स्वयं भी मौजूद रहेंगी। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी रहेगी।
नई प्रदेश कार्यकारिणी पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की नई टीम सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी है। इसमें अनुभवी नेताओं के साथ बड़ी संख्या में युवाओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। लोकसभा और विधानसभा चुनावों में संगठन के लिए समर्पण भाव से कार्य करने वाले कर्मठ कार्यकर्ताओं को सम्मान मिला है। यह टीम नई ऊर्जा के साथ संगठन को और अधिक मजबूत करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा खिलाड़ियों के लिए घोषित प्रोत्साहन राशि का स्वागत करते हुए कहा कि हरियाणा खिलाड़ियों, किसानों और जवानों का प्रदेश है। कॉमनवेल्थ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का निर्णय सराहनीय है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का टैक्स संग्रह में देश में अग्रणी रहना सुशासन और पारदर्शिता का प्रमाण है। साथ ही सीईटी उत्तीर्ण लगभग 5.4 लाख युवाओं के लिए भत्ता तथा 100 दिनों के रोजगार संबंधी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा का भी उन्होंने स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा शीघ्र ही ‘‘बीजेपी फॉर हरियाणा’’ के नाम से एक डिजिटल पोर्टल शुरू करेगी। इस मंच के माध्यम से डॉक्टर, शिक्षक, समाजसेवी, प्रबुद्धजन तथा विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्य करने के इच्छुक लोग पंजीकरण कर सकेंगे। पौधारोपण, जल संरक्षण, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सामाजिक सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में उन्हें संगठन के माध्यम से काम करने का अवसर मिलेगा।
एक सवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र की पहली आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में लगभग 33 लाख मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर फार्म 6 और 8 उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि पात्र लोगों के नाम वोटर लिस्ट से जुड़ सकें।
एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि नायब सरकार और संगठन नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं। स्कूलों और कॉलेजों के आसपास भाजपा कार्यकर्ता जागरूकता अभियान चला रहे हैं। जनप्रतिनिधियों को भी इस अभियान से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री स्वयं इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रहे हैं और अभिभावकों तथा विद्यार्थियों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
एक सवाल पर डा. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि छाज तो बोले, छलनी भी क्या बोले। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर नौकरी बेचने, रिश्तेदारों और अपने करीबियों को सरकारी नौकरियां दिलाने तथा एक विशेष वर्ग को लाभ पहुंचाने के आरोप लगे हों, उन्हें भाजपा को उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, जिनके घर कांच के होते हैं, उन्हें दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू कर युवाओं का विश्वास जीता है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में भर्ती प्रक्रिया सवालों के घेरे में रही है।
पंजाब से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि पंजाब हरियाणा का बड़ा भाई और पड़ोसी राज्य है। दोनों राज्यों के बीच सामाजिक, पारिवारिक और व्यापारिक संबंध बेहद मजबूत हैं। पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता संगठन के निर्देश पर किसी भी राज्य में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ चुनावी दायित्व निभाने के लिए सदैव तैयार रहता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यही कार्यकर्ता संस्कृति उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
महिला शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम पर बोलते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेकों ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महिला शक्ति वंदन अधिनियम पास कराया, लेकिन कांग्रेस, टीएमसी, सपा और डीएमके जैसी पार्टियों ने देश की आधी आबादी की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया है। इन महिला विरोधी दलों ने महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने में बाधा उत्पन्न की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे नेता हैं जो न डरते हैं, न रुकते हैं, न थकते हैं और न ही हार मानते हैं। उन्होंने कहा कि जब भी यह विषय सदन में आएगा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की आधी आबादी और महिलाओं के अभिभावक के रूप में उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे और इस विधेयक को अवश्य पारित कराएंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि परिसीमन के दौरान हरियाणा में भी लगभग 130 विधानसभा सीटें बनेंगी। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तथा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने एक महिला को हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपा है। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि उनका भी यह प्रयास रहेगा कि महिलाओं को अधिक से अधिक संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी जाएं, उन्हें परिपक्व बनाया जाए ताकि वे भविष्य में राजनीतिक क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
Breaking News
- प्रधानमंत्री ने शास्त्री स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज का दौरा किया
- केंद्रीय मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा प्रस्तुत आवेदनों पर संबंधित विभागों से परामर्श करके विचार किया जाएगा
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उज्बेकिस्तान की राजकीय यात्रा के दौरान जारी संयुक्त बयान
- जनसांख्यिकीय लाभांश से उत्पादक लाभांश तक: रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने विकसित भारत के लिए रक्षा उद्योग से पीएम-एसईटीयू के साथ साझेदारी करने का आह्वान किया
- केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल जी ने चंडीगढ़ में शहरी-स्वच्छ भारत मिशन के प्रगति की समीक्षा की; परियोजनाओं के त्वरित कार्यान्वयन और बेहतर स्वच्छता के निर्देश दिए
- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में पंजाब के कई नेताओं ने ली भाजपा की सदस्यता
- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण का देखा सीधा प्रसारण
- हर गर्भवती महिला की ‘समृद्धि’ पोर्टल के माध्यम से होगी डिजिटल निगरानी: नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सैनी 4 अगस्त मंगलवार को गुरुग्राम श्री शीतला माता मंदिर से 27 जिलों के लिए रवाना करेंगे 27 पवित्र मिट्टी के कलश
8 Mins Read
Related Posts
Add A Comment
About
Welcome to Rojana Desh Pardesh, your trusted source for real-time news, in-depth analysis, and insightful stories from around the world. We cover politics, technology, business, entertainment, and more—bringing you accurate and fact-checked updates 24/7. Stay informed, stay ahead!
Quick Links
Categories
© 2026 Razana Desh Pardesh. All Rights Reserved


