प्रदेश के सहकारिता एवं जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने चरखी दादरी में जिला स्तरीय ‘वन महोत्सव’ कार्यक्रम मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया तथा विशिष्ट अतिथि विधायक उमेद पातुवास, विधायक सुनील सांगवान एवं जिला अध्यक्ष सुनील इंजीनियर ने भी पोधा रोपण किया और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लाइव प्रसारण को देखा व सुना।
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान और सम्मान लगातार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि वर्ष 2047 तक भारत एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बने, और इस सपने को साकार करने में देश के हर नागरिक का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार ने महिलाओं, युवाओं, किसानों और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए नीतियां बनाई हैं, जिनका सीधा लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है।


